जोधपुर सेंट्रल जेल में अभिनेता सलमान खान जब कैदी नंबर 106 बनकर पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए वहां काफी भीड़ जमा हो गई। जेल DIG विक्रम सिंह की मौजूदगी में सलमान की तलाशी ली गई, इस दौरान उन्होंने अपने दोनों हाथ ऊपर उठा दिए। हालांकि सलमान को अपने लॉन्ग शूज उतारने में थोड़ी दिक्कत हुई। सलमान की 4 मिनट तक तलाशी ली गई जिसके बाद उन्हें मुख्य द्वार से अंदर ले जाया गया।
डीआईजी से बातचीत के दौरान सलमान ने बताया कि उनके दादाजी भी डीआईजी थे। सुरक्षा की वजह से सलमान को जेल डिस्पेंसरी के पास वार्ड संख्या 2 में बैरक नंबर 2 में रखा गया है। इसके पास वाली बैरक संख्या 1 में आसाराम बंद हैं। सलमान ने जेल प्रशासन से कहा कि उन्हें खुद के लिए बरमूडा और टीशर्ट मंगाने की अनुमति दी जाए। बैरक में मच्छर होने की वजह से सलमान ओडोमास लगाकर सोये।
आपको बता दें कि
जोधपुर जेल की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सलमान को कैदियों वाली ड्रेस पहननी होगी। जेल डीआईजी ने बताया कि सलमान के बॉडीगार्ड सलमान के लिए कुछ कपड़े और नाश्ता लाए थे लेकिन नाश्ता वापस लौटा दिया गया। सलमान को जेल मेन्यू के मुताबिक रोटी, पत्ता गोभी की सब्जी और चने की दाल खाने के लिए दी गई लेकिन उन्होंने खाना नहीं खाया।
जब वह जेल में आए तो ब्लड प्रेशर हाई था लेकिन दुबारा जांच में सब सही पाया गया। आपको बता दें कि सलमान को दी धमकी को देखते हुए उन्हें तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था दी गई है।