असम की एक महिला वकील को अमेरिका में शांति निर्माण से जुड़े एक कार्यक्रम के लिए चुना गया है। एनईआरआईएम लॉ कॉलेज से हाल में अपनी पढ़ाई पूरी करने वालीं 22 वर्षीय सलमा अकेली भारतीय हैं जिन्हें वाशिंगटन स्थित एंडी लीडरशिप इंस्टीट्यूट ने इस अहम कार्यक्रम के लिए चयनित किया है।
इस कार्यक्रम के लिए संस्थान ने दुनियाभर से सिर्फ आठ युवतियों की ही टीम बनाई है। सलमा वाशिंगटन में 5 से 18 अगस्त तक प्रशिक्षण में हिस्सा लेंगी। सलमा हुसैन कामरूप जिले के सोनतली की रहने वाली हैं।
यह संस्थान सामाजिक कार्यकर्ता एंडी पैराहोविच के सम्मान में स्थापित किया गया है। संस्थान उन महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करता है जो राजनीति, संचार और मानवतावादी क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। पैराहोविच की 2007 में इराक में हत्या कर दी गईं थी। वह वहां नेशनल डेमोक्रेटिक इंस्टीट्यूट के लिए काम करतीं थी, जो एक एनजीओ है और विकासशील देशों में लोकतांत्रिक संस्थानों की प्रभावशीलता में वृद्धि के लिए काम करता है।