फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मादेश का दूसरा दिन, साधु-संतों का मंथन आज भी रहेगा जारी

Sun, 04 Nov 2018 06:29 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
धर्मादेश के लिए एकत्रित हुए साधु-संत - फोटो : ANI
विज्ञापन

राम मंदिर के मुद्दे पर गरम होते माहौल के बीच संतों ने कहा है कि दिसंबर में अयोध्या में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हम बिना झुके और बिना रुके मंदिर वहीं बनाएंगे। इसके लिए राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष राम विलास वेदांती ने एक फार्मूला दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण न तो अदालती आदेश से बनेगा और न ही कानून से। मंदिर का निर्माण आपसी सहमति और समझौते से होगा। उन्होंने सहमति के तहत अयोध्या में मंदिर और लखनऊ में मस्जिद निर्माण की बात कही। हालांकि, इस पर वेदांती को संतों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। 

विज्ञापन


दिल्ली में हिंदु समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन के लिए आयोजित अखिल भारतीय संत समिति के तीन दिवसीय सम्मेलन ‘धर्मादेश’ में शनिवार को वेदांती ने जब समझौते की बात की तो संत हंसदेवाचार्य ने उन्हें तुरंत बैठने को कह दिया। उन्होंने कहा कि मस्जिद किसी भी हालत में नहीं बनेगी। सांप्रदायिक सौहार्द दोनों तरफ से होना चाहिए। वेदांती भविष्य में मस्जिद निर्माण की बात न करें। 

वेदांती ने दलील दी कि अगर मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश या कानून लाया जाता है तो कोई भी दंगे होने से नहीं रोक पाएगा। हम हिंसा नहीं शांति से मंदिर निर्माण करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बातचीत हुई है। संतों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर सुनवाई के लिए जनवरी, 2019 का समय दिया है, लेकिन निर्माण दिसंबर से ही शुरू कर दिया जाएगा। अब इस मामले को कोर्ट भी नहीं लटका सकता। 

विज्ञापन
विज्ञापन

मोदी को बताया राम का अवतार

उत्तराखंड के संत स्वामी विवेकानंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राम का अवतार बताते हुए कहा, यह आश्चर्य की बात होगी कि उनके कार्यकाल में मंदिर नहीं बने। सम्मेलन का एजेंडा पेश करते हुए रामानंदाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार को सोमनाथ मंदिर की तरह अयोध्या के राम मंदिर के लिए भी आसान राह बनानी चाहिए।  

‘राम मंदिर बनेगा तो स्वाभाविक है कि सभी को खुशी होगी। वहां राम मंदिर जरूर बनेगा।’ - राजनाथ सिंह, गृह मंत्री 

‘छोटी दीपावली पर देश और दुनिया अद्भुत नजारा देखेगी। इस दिन भगवान राम के नाम का दीपक जलाने के साथ ही भव्य और शुभ कार्य शुरू किया जाएगा। 6 नवंबर को अयोध्या जाऊंगा।’ - योगी आदित्यनाथ, सीएम, यूपी

‘अयोध्या में बाबर के नाम का कोई स्मारक या इमारत नहीं बनेगी। बाबर के नाम की एक भी ईंट नहीं रखी जाएगी। वहां सिर्फ मंदिर ही बनेगा। अभी वहां भगवान राम की प्रतिमा बनवाई जाएगी और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।’ - केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री, यूपी 

‘कांग्रेस बताए कि वह राम मंदिर चाहती है या नहीं। राम मंदिर भाजपा के लिए कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह तो देश और आस्था का मुद्दा है। कांग्रेस भाजपा को बदनाम कर रही है। देश में राम मंदिर की लड़ाई 500 साल से चली आ रही है।’ - प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय मंत्री 

‘राम जन्मभूमि पर अगर राम का मंदिर नहीं बनेगा तो किसका बनेगा? कोर्ट से निर्णय आने में देरी होती है तो संसद में इसका बिल लाया जाना चाहिए। उम्मीद है कि इस बारे में जल्दी ही शुभ सूचना मिलेगी। अब राम मंदिर बनाने में देर नहीं की जानी चाहिए।’ - बाबा रामदेव, योग गुरु

‘चुनाव में राम मंदिर कांग्रेस का मुद्दा नहीं है। ये चुनाव में उठाए जाने वाले भाजपा के मुद्दे हैं। कांग्रेस विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है। भावनाएं भड़काकर समाज और समुदाय को लड़वाना ही भाजपा का काम है, हमारा नहीं।’ - गुलाम नबी आजाद, वरिष्ठ नेता, कांग्रेस
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें