आय कर निपटान आयोग (ITSC) की तरफ से सहारा इंडिया को बड़ी राहत मिली है। आयोग ने 2014 में सहारा इंडिया के दफ्तर में छापेमारी के दौरान बरामद हुई विवादित डायरी मामले में कंपनी के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाने से इंकार कर दिया है।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक आयोग ने आयकर विभाग को मिली विवादित डायरी को सबूत मानने से भी इनकार कर दिया है। इस डायरी में कई नेताओं को सहारा की तरफ से पैसे देने का जिक्र था।
बता दें कि सहारा इंडिया ने आय कर निपटान आयोग में याचिका दी थी आयोग इस डायरी को सबूत न माने। आयोग द्वारा 50 पन्ने में दिए गए फैसले के मुताबिक सहारा इंडिया की इस याचिका को पहले खारिज कर दिया गया था, लेकिन फिर 5 सितंबर, 2016 को उसे दोबारा सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया गया।
इस मामले की आखिरी सुनवाई 7 नवंबर 2016 को हुई थी, जिसके महज तीन दिनों के बाद, 10 नवंबर 2016 को आयोग ने फैसला सुनाते सहारा को राहत दे दी। संभवत: आयोग ने पहली बार सुनवाई के बाद इतनी जल्दी फैसला दिया है। आयोग के सूत्रों के मुताबिक कई मामलों में तो आयोग 10 से 12 महीनों में फैसला सुनाता था।