केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। बता दें, मुइज्जू, हसीना और विक्रमसिंघे भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के उन सात नेताओं में शामिल थे, जो रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
एकसाथ मिलकर काम करने को तत्पर
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'आज नई दिल्ली में मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू से मुलाकात करते हुए प्रसन्नता हो रही है। भारत और मालदीव के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं।'
भारत और मालदीव के बीच संबंध तनावपूर्ण
जयशंकर मोदी के पिछले मंत्रिमंडल में विदेश मंत्री थे। उन्होंने रविवार को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। पिछले साल 17 नवंबर को द्वीप राष्ट्र के राष्ट्रपति बनने के बाद मुइज्जू की यह पहली भारत यात्रा थी। चीन समर्थक झुकाव के लिए जाने जाने वाले मुइज्जू के राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद से भारत और मालदीव के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। राष्ट्रपति बनते ही उन्होंने अपने देश से भारतीय सैन्य कर्मियों को वापस जाने को कह दिया था।
भारत-बांग्लादेश मैत्री आगे बढ़ रही
वहीं केंद्रीय मंत्री ने हसीना के साथ बैठक की। बैठक के बाद जयशंकर ने कहा, 'आज बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारत-बांग्लादेश मैत्री लगातार आगे बढ़ रही है।'
श्रीलंका के साथ संबंध लगातार मजबूत
जयशंकर ने विक्रमसिंघे के साथ अपनी बैठक पर कहा, 'नई दिल्ली में आज सुबह मेरा स्वागत करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की सराहना करता हूं। भारत और श्रीलंका के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।'
नेपाल के पीएम से भी मिले
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' से भी मुलाकात हुई। उनसे मिलकर बहुत खुशी हो रही है। दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर चर्चा की।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री से भी चर्चा
उन्होंने आगे बताया कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ से मुलाकात करते हुए खुशी हुई। हमारी खासकर आईएन एमयू समझौते पर चर्चा हुई।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी मिले।
यह नेता भी हुए थे शामिल
गौरतलब है, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड', मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ भी मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।