INR Logo Row: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने द्रमुक पर आरोप लगाया कि उसने रुपये के प्रतीक को हटा कर न केवल राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान किया, बल्कि तमिल युवाओं के योगदान की भी अवहेलना की। उन्होंने यह भी कहा कि रुपये का प्रतीक वैश्विक पहचान बना चुका है और इसे हटाना संविधान और राष्ट्रीय एकता के खिलाफ है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि रुपये के प्रतीक को हटाकर द्रमुक न केवल राष्ट्रीय प्रतीक को खारिज कर रही है, बल्कि तमिल युवाओं के रचनात्मक योगदान की भी पूरी तरह से अवहेलना कर रही है। उन्होंने कहा कि रुपये के प्रतीक को द्रमुक के पूर्व विधायक एन धर्मलिंगम के बेटे डी उदय कुमार ने डिजाइन किया था। उन्होंने कहा कि रुपये का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छी तरह से अपनी पहचान बना चुका है। वैश्विक वित्तीय लेनदेन में यह भारत की स्पष्ट पहचान के रूप में कार्य कर रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब भारत यूपीआई का इस्तेमाल कर सीमा पार भी भुगतान पर जो दे रहा है, क्या हमें वास्तव में अपने स्वयं के राष्ट्रीय मुद्रा प्रतीक का इस तरह से अपमान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य बजट दस्तावेज से रुपये जैसे राष्ट्रीय प्रतीक को हटाना संविधान के प्रति ली गई शपथ के खिलाफ है और यह राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि द्रमुक इसका विरोध करना था तो उसे 2010 में उस समय करना चाहिए था जब यूपीए की केंद्र सरकार ने इसे अपनाया था।