बीएचयू में रविवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के आयोजन में दो नेताओं की जुबान लड़खड़ा गई पर दोनों ने तुरंत ही संभाल लिया। कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अपने संबोधन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी की कुछ ज्यादा ही तारीफ कर बैठे। राजीव प्रताप रुडी ने कहा कि आप (स्मृति ईरानी) बहुत सुंदर लग रही हैं। इस पर वस्त्र मंत्री के चेहरे पर आश्चर्य के भाव दिखे।
रूडी ने तुरंत बात संभालते हुए बगल में बैठी वस्त्र मंत्रालय की आयुक्त रश्मि वर्मा की भी प्रशंसा की। कहा कि दोनों के सुंदर लगने की वजह बुनकरों द्वारा बनाए गए वस्त्र हैं।
वहीं यूपी सरकार के टेक्सटाईल मंत्री महबूब अली ने अपने संबोधन में स्मृति ईरानी से मुखातिब होते हुए कहा कि जब आप शिक्षा देख रहीं थी तो मैं भी प्रदेश में शिक्षा मंत्री था और अब जब आप वस्त्र मंत्री हैं तो मैं भी प्रदेश में यह जिम्मेदारी संभाल रहा हूं।
लोग पूछते हैं आखिर यह चक्कर क्या है? फिर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह लोगों को बताते हैं कि यह भाई-बहन का मामला है। हालांकि दोनों मंत्रियों के बयान के दौरान वस्त्र मंत्री के चेहरे पर आश्चर्य और हंसी दोनों के सम्मिलित भाव नजर आए।