समय पर आरटीआई आवेदन के जवाब न मिलने के मामले अक्सर सुने जा सकते हैं, लेकिन गुरुवार को कुछ ऐसा हुआ जो केन्द्र सरकार की काम करने की गति और लापरवाही दोनों को ही उजागर करती हैं।
वित्त मंत्रालय के एक विभाग के जनसूचना अधिकारी ने सिर्फ 58 वें मिनट में आरटीआई आवेदन का निस्तारण कर दिया। लेकिन जानकारी देने के लिए और समय लेने की बजाए इन्होंने कह दिया कि नहीं है जानकारी। जबकि इनके पास जानकारी देने के लिए 30 दिन का समय था।
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग में 13 अप्रैल को एक आरटीआई आवेदन फाइल की गई। जिसमें पूछा गया था कि वर्ष 2017 में इस विभाग के पास कितने आरटीआई आवेदन आए और उनमें से कितनों का निस्तारण किया गया।
शाम 4 बजकर 35 मिनट पर यह आरटीआई आवेदन ऑनलाइन फाइल की गई। तेजी दिखाते हुए इस विभाग के जन सूचना अधिकारी ने ऑनलाइन ही शाम 5 बजकर 33 मिनट पर इस आवेदन का निस्तारण कर आरटीआई आवेदन यह कहते हुए वापस कर दी कि इस तरह की सूचना इनके पास नहीं है।