पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने भले ही संघ प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा कारणों का हवाला देकर स्थान देने से मना कर दिया। लेकिन, संघ इस बात पर अड़ गया है कि कार्यक्रम तय समय पर ही होगा।
संघ ने कोलकाता के महाजाति सदन को स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता के 150वें जन्मदिवस के आयोजन के लिए बुक किया था। लेकिन ममता सरकार ने गत सप्ताह इसकी बुकिंग रद्द कर दी।
ये भी पढ़ें- भागवत के दौरे से तय होगी संघ की बंगाल योजना
संघ के पश्चिम बंगाल प्रांत कार्यवाह जिश्नु बसु ने कहा, ‘हम तीन अक्टूबर को निर्धारित समय पर कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इसके लिए हमने बड़े हॉल को बुक किया है। राज्य सरकार ने इसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हुई।'
राज्य सरकार ने कहा था कि बुकिंग को सुरक्षा कारणों से रद्द किया गया है क्योंकि सभागार में नवीनीकरण और मरम्मत का काम चल रहा है। वहीं सिस्टर निवेदिता की 150वीं जयंती के कार्यक्रम का आयोजन करने वाली समिति के प्रवक्ता ने दावा किया कि सभागार के अधिकारियों ने जून में हमारी बुकिंग को स्वीकार कर लिया था।