राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के बैतूल जिला जेल में भ्रमण को लेकर कांग्रेस ने खासी नाराजगी व्यक्त की है। कांग्रेस ने कहा भागवत को अनुमति देकर के राज्य सरकार ने जेल नियमों की अनदेखी की है।
कांग्रेस ने इस बाबत जेल अधीक्षक को चिठ्ठी भी लिखी थी। भागवत एक दिन के दौरे पर बैतूल पहुंचे थे, जहां उन्होने संघ परिवार की तरफ से आयोजित हिंदू सम्मेलन को भी संबोधित किया था।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखी चिठ्ठी
बैतूल जिला कांग्रेस के अध्यक्ष समीर खान ने जेल अधीक्षक एस के वर्मा को चिट्ठी लिखकर पूछा है कि भागवत आखिर कौन से ऐसे संवैधानिक पद पर हैं, जिसके आधार पर उन्हें जेल के अंदर जाने की अनुमति दी गई थी।
खान ने जेल अधीक्षक से जानकारी मांगी थी कि जेल मैन्युअल के किस नियम के तहत भागवत को जेल में प्रवेश दिया गया।जेल अधीक्षक एस के वर्मा ने कहा है कि भागवत के जेल में प्रवेश के लिए अनुमति मांगी गई थी। जिला कलेक्टर से अनुमति मिलने के बाद ही भागवत को जेल में प्रवेश दिया गया था।