राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास ने देश के सभी विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह भारतीय परिवेश और वेशभूषा में आयोजित कराने की मुहिम छेड़ी है।
दीनानाथ बत्रा की ओर से संचालित शिक्षा संस्कृति उत्थान न्याय ने सभी विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलरों और राज्यों के राज्यपालों से इसे लागू कराने को कहा है। न्यास ने विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलरों से अपील की है कि वे राजस्थान के विश्वविद्यालयों की तर्ज पर दीक्षांत समारोह में पाश्चात्य ड्रेस की जगह भारतीय वेशभूषा को लागू करें।
दरअसल, राजस्थान राज्यपाल कल्याण सिंह ने राज्य के विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह भारतीय वेशभूषा में आयोजित करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 69 साल बाद भी ज्यादातर विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह औपनिवेशिक परिवेश में आयोजित किए जाते हैं और विश्वविद्यालयों के छात्र पाश्चात्य ड्रेस पहनते हैं।
न्यास की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राजस्थान के विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में परंपरागत भारतीय परिधान को लागू करने के राज्यपाल कल्याण सिंह के फैसले को हम प्रोत्साहित करते हैं।