फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ED: निवेशकों के धन का गबन, 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की आपराधिक आय; मौज मस्ती के लिए खरीदी यॉट बोट

Thu, 16 Apr 2026 07:03 PM IST
Rahul Kumar डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
ईडी ने जब्त की यॉट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आरोपियों ने एक सोची समझी रणनीति के तहत निवेशकों के धन का गबन करके अवैध गतिविधियों के माध्यम से 500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक आय अर्जित की। इस पैसे को कई फर्जी/बेनामी संस्थाओं के खातों के माध्यम से ट्रांसफर किया गया। भोले भाले निवेशकों के पैसे को मौज मस्ती करने में खर्च किया। विलासितापूर्ण जीवन जीने के लिए गुरुग्राम में आलीशान अपार्टमेंट लिया और गोवा में एक यॉट बोट खरीद ली। इसकी कीमत करोड़ों में बताई जाती है। ईडी ने अब इस मामले में 32 एवेन्यू ग्रुप, इसके प्रमोटर-डायरेक्टर अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य के मामले में चल रही जांच के सिलसिले में कई जगहों पर छापेमारी की है। दो दिन चली रेड में दिल्ली-एनसीआर, गोवा, जयपुर और मुंबई स्थित सात परिसरों में तलाशी ली गई। 

विज्ञापन


धन का गबन और दुरुपयोग
ईडी ने दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस द्वारा अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य के खिलाफ आईपीसी, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई कई एफआईआर के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की है। आरोपियों पर निवेशकों को प्रलोभन देने, संपत्तियों का कब्जा न सौंपने, धन का गबन और दुरुपयोग, ऐसे गंभीर आरोप लगे हैं। इसके अलावा मनगढ़ंत दस्तावेज तैयार करना, वैधानिक देय राशि का भुगतान न करना और कई संस्थाओं के माध्यम से धन की हेराफेरी करने जैसी संगठित और सुनियोजित आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल होने का आरोप है। इसके चलते आरोपियों द्वारा अपराध की बड़ी रकम अर्जित की गई है। 

कई निवेशकों को बेचे गए वर्चुअल स्पेस
आरोपियों ने 500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक आय अर्जित की थी। इस धन को बाद में कई फर्जी/बेनामी संस्थाओं के खातों में जमा कराया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कई निवेशकों को वर्चुअल स्पेस बेचे, फिर उन्हें लीज पर लेकर कुछ महीनों के लिए आकर्षक किराया दिया। उसी वर्चुअल स्पेस को प्रोजेक्ट के लेआउट मैप में बदलकर अन्य निवेशकों को फिर से बेच दिया गया। इस तरह अवैध वर्चुअल कमर्शियल स्पेस के पीछे एक फर्जी पोंजी स्कीम चलाई जा रही थी, जिसमें आम जनता को धोखा दिया जा रहा था। निदेशक और प्रमोटर, भोले-भाले निवेशकों से एकत्रित धन का उपयोग विलासितापूर्ण जीवन जीने के लिए कर रहे थे। 
विज्ञापन


1.05 करोड़ रुपये नकद जब्त तो लॉकर फ्रीज
ईडी द्वारा तलाशी अभियान के परिणामस्वरूप 1.05 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं। कई लॉकर फ्रीज किए गए हैं। लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और आभूषण भी जब्त किए गए। इसके अलावा, संपत्ति से संबंधित विभिन्न दस्तावेज, कई डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री, ईडी ने अपने कब्जे में ले ली है। कुछ बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं। गुरुग्राम, गोवा और महाराष्ट्र में स्थित जमीन, भवन आदि के रूप में कई अचल संपत्तियों की पहचान की गई है, जो आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से प्राप्त की गई प्रतीत होती हैं। ध्रुव शर्मा और शिरीन शर्मा को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में रखा है, जबकि अनुभव शर्मा और ममता शर्मा फरार हैं।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें