काले धन पर काबू पाने के लिए 500 और 1000 रुपये के नोट चलन से बाहर करने के बाद सरकार ने कहा है कि पांच-दस रुपये से लेकर सौ रुपये तक के मूल्यों वाले नोट नई सीरीज और नए डिजाइन वाले नोटों में धीरे-धीरे बदले जाएंगे। इसके अलावा 1000 रुपये का नया नोट भी शीघ्र बाजार में आ जाएगा। नोट बदलने का काम शुरू होने के बाद शुक्रवार से एटीएम से भी नए नोट मिलने लगेंगे।
नकल से बचने के लिए सभी नए नोटों में खास कलर, थीम, आकार तथा फीचर के अतिरिक्त सुरक्षा प्रावधान रखे गए हैं। आर्थिक संपादकों के सम्मेलन में बृहस्पतिवार को उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि 5, 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोटों के लिए नए डिजाइन पर काम चल रहा है। बेहतर सुरक्षा फीचर से लैस इन नोटों को बाजार में धीरे-धीरे उतारा जाएगा।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मूल्यों के वर्तमान नोटों को चलन से बाहर करने की कोई योजना नहीं है और वे पहले की तरह चलते रहेंगे। चलन से हटाए गए नोटों पर उन्होंने कहा कि 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों को बदलने के मामले में लोगों को अनावश्यक जल्दबाजी करने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। रिजर्व बैंक ने सभी जगह पर्याप्त मात्रा में नए नोटों की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है। इसी सम्मेलन में आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा कि सरकार कुछ महीनों में ही नए फीचर वाला 1000 रुपये का भी नया नोट बाजार में लाएगी।