तेलंगाना में डुब्बक विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी एम रघुनंदन राव के एक रिश्तेदार के पास से ‘बेहिसाब’ एक करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर अंजनी कुमार ने बताया कि एक विश्वसनीय सूचना पर भाजपा उम्मीदवार के साले सुरभि श्रीनिवास राव समेत दो लोगों को बेगमपेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के वक्त ये लोग एक वाहन में पैसा लेकर जा रहे थे। इस रकम को मतदाताओं में बांटी जानी थी। डुब्बक विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को चुनाव होना है।
कुमार ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि डुब्बक विधानसभा सीट के मतदाताओं में पैसा बांटने के लिए इस रकम की व्यवस्था सुरभि श्रीनिवास राव ने की थी। राव ने यह भी दावा किया कि पूर्व सांसद और भाजपा नेता जी विवेक वेेंकट स्वामी द्वारा प्रमोट की जा रही एक निजी कंपनी के मैनेजर ने उन्हें यह रकम दी थी। पुलिस ने 26 अक्तूबर को सिद्दीपेट कस्बे में रघुनंदन राव के एक रिश्तेदार के घर से 18.67 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। हालांकि कुछ भाजपा समर्थक 12.8 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए थे। इससे पहले 5 अक्तूबर को भी एक भाजपा नेता के समर्थकों से बेहिसाब 40 लाख रुपये मिले थे।