केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले (फाइल फोटो)
- फोटो : facebook.com/ramdasathawale
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को कहा कि उनके नेतृत्व वाला आरपीआई-ए मनसे प्रमुख राज ठाकरे की मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग का समर्थन नहीं करता है। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अठावले ने यह भी दावा किया कि भाजपा भी इस मुद्दे पर राज ठाकरे के रुख का समर्थन नहीं करती है।
आठवले ने कहा, बालासाहेब भी ऐसी मांग के विरोध में थे
आठवले की पार्टी एनडीए का एक घटक भी है। अठावले ने कहा कि अगर वे (मनसे) लाउडस्पीकर का उपयोग करना चाहते हैं तो वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन हम मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग का विरोध करते हैं। यहां तक कि बालासाहेब ठाकरे भी ऐसी मांग के विरोध में थे। मुझे लगता है कि धर्मों के बीच दरार पैदा नहीं की जानी चाहिए।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने का विरोध करते हुए राज्य सरकार से उन्हें 3 मई तक हटाने के लिए कहा है, ऐसा नहीं करने पर उनकी पार्टी मस्जिदों के बाहर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजाएगी।
आठवले ने कहा कि भाजपा मस्जिदों के ऊपर लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध लगाने के इस तरह के आह्वान का समर्थन नहीं कर रही है। भाजपा ने कभी ऐसा रुख नहीं अपनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास' में विश्वास करते हैं और भाजपा के इस तरह का रुख अपनाने की कोई संभावना नहीं है। यह राज ठाकरे का एजेंडा है।