भारत बृहस्पतिवार को रोहिंग्या मुसलमानों के लिए मानवीय राहत सामग्री बांग्लादेश भेजने जा रहा है। ढाका द्वारा नई दिल्ली से म्यांमार से हिंसा की वजह से भागकर बांग्लादेश आए रोहिंग्या मुसलमानों की समस्याओं पर चर्चा करने के बाद भारत ने यह फैसला लिया है।
नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायुक्त सैयल मुअज्जम अली ने पिछले हफ्ते विदेश सचिव एस जयशंकर से मुलाकात की थी और रोहिंग्या के मसलों पर विचार-विमर्श किया था। भारतीय उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय विमान बृहस्पतिवार को मानवीय सहायता की पहली खेप लेकर बांग्लादेश पहुंचेगा। विमान दिन के 11 बजे चिटगांव हवाईअड्डे पर उतरेगा।
पढ़ें- राजनाथ बोले- राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं रोहिंग्या, वापस भेजने के लिए होगी कार्रवाई
ढाका में भारतीय उच्चायुक्त हर्षवर्धन श्रृंगला राहत सामग्री को बांग्लादेश के सड़क परिवहन और पुल मंत्री और अवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कवार को सौंपेंगे। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार 25 अगस्त से 379000 से ज्यादा रोहिंग्या मुसलमान म्यांमार के राखिने से भागकर बांग्लादेश पहुंचे हैं।