गुजरात के वलसाड जिले में बृहस्पतिवार को हथियारबंद लुटेरों ने आईआईएफएल की एक शाखा से करोड़ों रुपये के सोने और अन्य कीमती सामान लूट लिए। लूटपाट की यह घटना औद्योगिक शहर वापी में आईआईएफएल की एक गोल्ड लोन शाखा में हुई। यह फर्म सोने बदले कर्ज देती है।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि लुटेरे लगभग 7 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों वाले 1,000 पैकेट लेकर भाग गए। पुलिस ने कहा कि करीब आधा दर्जन की संख्या में नकाबपोश लुटेरों ने वापी-सिलवासा मार्ग पर स्थित आईआईएफएल की गोल्ड लोन शाखा में घुसकर कर्मचारियों को बंदूक के बल पर डराया-धमकाया।
उन्होंने कहा लुटेरों ने आठ कर्मचारियों के हाथ बांधकर उनके मुंह पर टेप चिपका दिया जिससे वे किसी भी तरह का विरोध नहीं कर पाएं। पुलिस ने कहा कि लुटेरों ने कर्मचारियों से ली गई चाबियों का इस्तेमाल कर लॉकर खोले और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जिले के एसपी सुनील जोशी ने कहा कि लुटेरों ने एक आईआईएफएल गोल्ड लोन शाखा के कर्मचारियों को डरा धमकाकर सोने और अन्य कीमती सामान लूट लिया। लूटे गए सोने का कुल मूल्य का पता लगाना अभी बाकी है। आगे की जांच जारी है।