कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के चालक को झपकी आने से स्विफ्ट कार पेड़ से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो भाइयों के परिवारों के आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रतापगढ़ जिले के पटनपुर थाना के हरपुत्र सोध गांव निवासी सर्वेश और उनका छोटा भाई बृजेश मुंबई के दादर इलाके में रह कर वहीं व्यापार करते थे। दोनों भाई अपने परिवारों के साथ गुरुवार को मुंबई से स्विफ्ट कार से हरपुत्र सोध गांव के लिए रवाना हुए।
वे शुक्रवार तड़के कानपुर-सागर हाइवे पर सूरा चौकी के पास पहुंचे थे कि चला रहे सर्वेश को झपकी आ गई और कार पेड़ से टकरा गई। चीख पुकार सुन आसपास के लोग जुट गए। गैस कटर से कार के गेट काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान कार चला रहे सर्वेश (40) पुत्र अरविंद दुबे, सर्वेश की पत्नी रीशू (32), उसके छह वर्षीय बेटे और छोटे भाई बृजेश (36) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने सर्वेश के आठ वर्षीय बड़े बेटे, बृजेश की पत्नी कंचन और बृजेश के छह और आठ वर्षीय बेटों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया । जहां इलाज के दौरान इन चारों ने भी दम तोड़ दिया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने बताया कि कार सवार सभी आठों ने दम तोड़ दिया है। कार में मिले कागजात के जरिए मृतकों के परिवारीजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है।