फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'बांकीपुर में भाजपा की लोमड़ी जीती': प्रशांत किशोर की जीत पर बोलीं मीसा भारती, नतीजों पर किसने क्या कहा?

Mon, 03 Aug 2026 05:37 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/पटना

सार

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने मतगणना में बढ़त बनाए रखी। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार हार गया, लेकिन अगर प्रशांत किशोर जीतते हैं तो यह भाजपा की ही जीत होगी। वहीं प्रशांत किशोर और भाजपा नेताओं ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। बांकीपुर के नतीजे पर मीसा ने प्रशांत किशोर को भाजपा की लोमड़ी बताया। आइए, जानते हैं इस पर और बाकी के नेताओं ने क्या प्रतिक्रिया दी...

विज्ञापन
मीसा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। फिलहाल प्रशांत किशोर करीब 18000 वोटों से आगे चल रहे हैं। अंतिम चरण की गिनती होना बाकी है। इसी बीच नेताओं के बयान भी चर्चा में आ गए हैं। जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने लगातार बढ़त बनाए रखी तो राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती ने इसे लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। वहीं, भाजपा नेताओं ने जनादेश स्वीकार करते हुए नतीजों की समीक्षा की बात कही। बांकीपुर का चुनाव परिणाम अब राजनीतिक बयानबाजी का भी केंद्र बन गया है। प्रशांत किशोर ममेत कई नेताओं के बयान सामने आए हैं... आइए, सभी बयानों को विस्तार से जानते हैं।

प्रशांत किशोर ने जीत की ओर बढ़ते हुए क्या कहा?

प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना गढ़ 30 दिनों में ढह गया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं था, बल्कि बिहार की राजनीति को संदेश देने वाला चुनाव था। उन्होंने कहा कि उनकी सम्राट चौधरी से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि राज्य को एक ईमानदार और सक्षम मुख्यमंत्री मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से बिहार के विकास, पलायन रोकने और बेरोजगारी कम करने पर अधिक ध्यान देने की अपील भी की।
विज्ञापन


मीसा भारती ने प्रशांत किशोर की बढ़त पर क्या कहा?

राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार हार गया है, लेकिन अगर प्रशांत किशोर जीतते हैं तो एक तरह से ये भी भाजपा की ही जीत हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना उम्मीदवार क्यों बदला, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। इसी दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने उम्मीदवार को हराकर अपनी लोमड़ी को जिता दिया। उनके मुताबिक, ऐसा लगता है कि भाजपा को अपने दम पर जीत का भरोसा नहीं था।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने जनता से कई बड़े वादे किए, जिनमें से कई को पूरा करना आसान नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि जनता को सच्चाई पता नहीं है कि प्रशांत किशोर ही भाजपा के असली प्रत्याशी हैं। जनता को ये बात समझने में समय लगेगा लेकिन जब वे जीत जाएंगे तो ये देखने को मिलेगा।

आदित्य ठाकरे बोले- बदलाव की हवा पूरे देश में चलेगी

प्रशांत किशोर की बढ़त पर शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि बदलाव की यह हवा पूरे देश में फैलेगी। आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में जहां-जहां भाजपा नहीं हारी है, वहां भी अब बदलाव देखने को मिलेगा। उनका यह बयान बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना के बीच सामने आया है।

केजरीवाल बोले- भाजपा की जमीन खिसक चुकी 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रशांत किशोर को बड़ी जीत के लिए बधाई दी। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी हार गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है। केजरीवाल ने चंदा चोरी, पेपर लीक और ई-20 जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार के प्रति लोगों में गहरा असंतोष है और देश की जनता बदलाव का संकेत दे चुकी है।

भाजपा नेताओं की क्या रही प्रतिक्रिया?

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और भाजपा हमेशा जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव आयोग या ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती और चुनाव परिणाम की समीक्षा करेगी। वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर का विकास आगे भी पार्टी की प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा यह पता लगाएगी कि उसे कम वोट क्यों मिले और साथ ही उन्होंने जीत की ओर बढ़ रहे उम्मीदवार को अग्रिम बधाई भी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें