कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अगस्त महीने में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले, जिसे अब अभया दुष्कर्म-हत्या केस कहा जा रहा है, के आरोपियों को जमानत दिए जाने के खिलाफ सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के सदस्यों ने विरोध रैली निकाली।
सीबीआई के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
वहीं कोलकाता में ही अभय मंच ने अभया दुष्कर्म-हत्या मामले के आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल करने में सीबीआई की विफलता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और एजेंसी का पुतला भी जलाया है।
'न्याय न मिलने तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन'
राजधानी में इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा, हमारी मांग अभया को न्याय दिलाना है। आज का विरोध सीबीआई की तरफ से आरोपपत्र दाखिल न कर पाने के खिलाफ है। जब तक न्याय नहीं मिल जाता, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
पीड़िता के पिता ने सीबीआई पर लगाए आरोप
वहीं आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता के पिता ने कहा कि, जहां भी विरोध प्रदर्शन होगा, हम उसमें हिस्सा लेंगे। अब यही एक रास्ता है, मैं बहुत दुखी हूं, हमें और मजबूती से विरोध करना होगा, तभी कुछ होगा। उन्होंने आगे कहा कि सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल नहीं की, जब हमने न्याय के लिए कोर्ट से गुहार लगाई तो उन्होंने केस सीबीआई को दे दिया लेकिन सीबीआई ने अपना काम ठीक से नहीं किया। जब विरोध प्रदर्शन चल रहे थे तो सीबीआई अच्छा काम कर रही थी, इसीलिए गिरफ्तारियां हुईं लेकिन जैसे ही विरोध प्रदर्शन बंद हुआ, सीबीआई ने काम करना बंद कर दिया, अगर विरोध प्रदर्शन जारी रहता तो सीबीआई चार्जशीट दाखिल कर देती।