यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एटा जिले के जेथरा में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित किया। पार्टी कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए कहा कि मैंने पार्टी का सम्मान और चुनाव चिन्ह दोनों बचा लिए हैं, अब साइकिल आगे दौड़ाने की जिम्मेदारी आप सबों की है। पार्टी प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने सरकार के पांच सालों में किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया।
अखिलेश ने कहा कि पिछले चुनाव के दौरान जो वादा किया, उसे निभाया। और वह आगे भी युवाओं को नौकरी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करायेंगे। अखिलेश ने कहा, पहले चरण के चुनाव मतदान के साथ एटा से साइकिल दौड़ेगी तो कोई पकड़ नहीं सकेगा। उन्होंने, मोदी और बसपा पर भी जमकर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी के नोटबंदी के कदम से व्यापारी लोग परेशान हुए हैं। जिसका बीजेपी को चुनाव में हिसाब मिलेगा। बसपा के बारे में कहा कि हाथी वालों के हाथी अब तक वैसे ही पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी राजनीतिक घटनाक्रम से आगे बढ़ी चुकी है। मैंने नेता जी और उनके सम्मान को बचाया है। सरकार बनेगी तो नेता जी का मान होगा। इसके साथ सीएम ने पारिवारिक सियासी लड़ाई पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि हमारे लोग ही दूसरे दलों से मिले हुए हैं। सीएम ने कहा मुझे नहीं मालूम था कि कुर्सी और मुख्यमंत्री की लड़ाई इतनी खतरनाक होती है।