लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता चिराग पासवान ने कहा कि आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव के परिवार की परंपरा रही है कि जेल जाने से पहले इस्तीफा देते रहे हैं।
चिराग ने कहा 'इसमें कुछ भी नया नहीं है। यह लालू परिवार की परंपरा का ही एक हिस्सा है। लालू ने भी जेल जाने से पहले इस्तीफा दिया था। जेल जाने से पहले उन्होंने अपनी सारी जिम्मेदारी अपनी पत्नी राबड़ी देवी को सौंप दी थी। इसलिए जबतक वह जेल नहीं जाते तबतक वह इस्तीफा नहीं देंगे।'
उन्होंने कहा 'अब यह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर है कि वह उनके खिलाफ एक्शन लेते हैं या नहीं। हालांकि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी तरह की छूट से साफ इनकार किया है।'
गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के मामले में बिहार डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सीबीआई के रडार पर हैं। आरजेडी तेजस्वी के इस्तीफे पर अड़ी हुई है तो लालू भी इस्तीफा न देने के अपने सख्त रवैये पर कायम हैं।
समझा जाता है कि सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तेजस्वी पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर जब से जदयू ने उन्हें स्पष्टीकरण देने तथा लालू यादव को अपनी संपत्ति और आय के स्रोत बताने के लिए कहा, तभी से प्रदेश में गठबंधन के दोनों अहम सहयोगी दलों के बीच दरार बढ़ने लगी है।