बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर अराफात सनी खुद की वजह से एक बड़ी परेशानी में पड़ सकते हैं। इस परेशानी के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। उनपर दहेज मांगने का आरोप लगा है। बांग्लादेश की एक अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है और देखने पर मामला गंभीर नजर आता है।
ढाका के मेट्रोपॉलिटेन मजिस्ट्रेट जाकिर हुसैन टीपू ने बांग्लादेशी गेंदबाज के खिलाफ मामले की सुनवाई करने के बाद वारंट जारी कर दिया। अराफात के वकील के अनुसार उन्होंने कोर्ट के सामने आज की सुनवाई स्थगित कर तारीख बढ़ाने का आवेदन दिया था लेकिन कोर्ट ने उसे अस्वीकार कर दिया। इसके साथ ही उनकी जमानत याचिका रद्द कर दी गई और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया।
इसी साल 20 जनवरी को एक महिला ने सनी अराफात की पत्नी होने का दावा किया था। उस महिला ने अराफात के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए कहा था कि उन्होंने शादी के बाद उनके परिवार से 20 लाख रुपये दहेज के रूप में मांगे थे। इसके बाद सनी और उनकी मां के खिलाफ पुलिस ने विमेन एंड चिल्ड्रन प्रवेंशन एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
बांए हाथ के इस स्पिन गेंदबाज ने बांग्लादेश के लिए 16 वनडे और 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने वनडे में 24 और टी-20 में 12 विकेट हासिल किए हैं।