डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार चुने गए हैं।
- फोटो : Reuters
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी ने डोनाल्ड ट्रंप को अपना उम्मीदवार चुन लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने अपना चुनावी मेनिफेस्टो भी जारी किया है। 58 पेज के इस मेनिफेस्टो में रिपब्लिकन पार्टी ने कहा है कि भारत वंशीय समुदाय ने अमेरिका के हित में महत्वपूर्ण योगदान किया है। साथ ही भारत से अल्पसंख्यक समुदाय को सुरक्षा देने और एफडीआई के वृहद प्रवाह के लिए अनुमति को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है।
यहां पढ़िए भारत के संदर्भ में रिपब्लिकन पार्टी के मेनिफेस्टो की मुख्य बातें...
1. भारत हमारा भूराजनैतिक सहयोगी और स्ट्रैटजिक ट्रेडिंग पार्टनर है। भारतीय लोगों की गतिशीलता और उत्साह के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं के स्थायित्व ने एशिया के साथ-साथ पूरे विश्व में भारत को लीडरशिप पोजिशन में लाकर खड़ा कर दिया है।
2. मेनिफेस्टो में कहा गया है कि भारत सरकार अल्पसंख्यकों को शोषण से बचाने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे।
3. पार्टी का कहना है कि 2012 में रिपबल्किन्स ने भारत के साथ आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में भी दोनों देशों के साथ मजबूत रिश्तों का स्वागत किया।
4. मेनिफेस्टो कहता है कि पार्टी अधिक से अधिक एफडीआई और ट्रेड के लिए भारत को प्रोत्साहित करेगी।
गौरतलब है कि पार्टी का चार दिवसीय कन्वेंशन क्लीवलैंड में चल रहा है। गुरुवार की रात न्यूयॉर्क के प्रॉपर्टी डीलर डोनाल्ड ट्रंप इस उम्मीदवारी को आधिकारिक तौर पर स्वीकार करेंगे। कन्वेंशन का उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों के लिए 'गेट टू नो डोनाल्ड ट्रंप द मैन' है बजाय इसके कि डोनाल्ड ट्रंप उम्मीदवार है। 'मेक अमेरिका वन अगेन' के नारे के साथ गुरुवार को ट्रंप बतौर उम्मीदवार आधिकारिक भाषण देंगे।