राजनीतिक दलों के फंड पर कानून बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं : सरकार
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि कानून बनाकर राजनीतिक दलों के वित्त के विनियमन का कोई प्रस्ताव नहीं है। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह बात कही। सरकार ने देश में मौजूदा चुनाव पद्धतियों में सुधार के लिए कोई कदम उठाए हैं? के जवाब में उन्होंने कहा कि समय-समय पर सरकार चुनावी सुधार के लिए कदम उठाती है। उन्होंने कहा, चूंकि यह एक सतत प्रक्रिया है इसमें चुनाव आयोग के प्रस्तावों पर गौर किया जाता है।
विदेशी जेलों में बंद हैं 8,343 भारतीय
विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री, वी मुरलीधरन ने लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए बताया, दुनिया के विभिन्न देशों की जेलों में 8,343 भारतीय कैदी हैं। इनमें सर्वाधिक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब व कुवैत जैसे खाड़ी देशों में हैं।
यूएई में 1,926 और सऊदी अरब में 1,362 भारतीय कैद हैं। नेपाल में यह आंकड़ा 1,222 है। विदेश मंत्री ने बताया कि भारत ने 31 देशों के साथ ‘सजायाफ्ता व्यक्तियों के स्थानांतरण’संबंधी करार पर हस्ताक्षर किए हैं।