महाराष्ट्र : क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में 4 गिरफ्तार 2.44 करोड़ की संपत्ति जब्त
जालना पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शुक्रवार को क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में पुणे से चार लोगों को गिरफ्तार किया और उनकी 2.44 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में 3.44 करोड़ रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, एक दंपती के खिलाफ क्रिप्टोकरेंसी में निवेश से ऊंचे रिटर्न दिलाने का वादा कर धोखाधड़ी करने की 116 शिकायतें मिली थीं।
अमेरिका को क्लाउड सेवा शुल्क के भुगतान पर अमेजन से कर लेगा भारत
भारतीय कर प्राधिकरण (आईटीए) ने अमेजन की ओर से अमेरिका को भुगतान की जाने वाली क्लाउड सेवा शुल्क पर कर लगाने का निर्णय किया है। कंपनी ने एक नियामक फाइलिंग में यह जानकारी दी है और कहा है कि इससे उसे मोटी राशि का भुगतान करना पड़ेगा, जिसमें पिछले कुछ वर्ष के भुगतान भी शामिल हैं। इस फैसले के बारे में विस्तृत जानकारी साझा किए बिना अमेजन ने कहा है कि वह निर्णय का विरोध करेगी, लेकिन जब तक मामले का निपटारा नहीं होता उसे करों के रूप में अच्छी खासी राशि का भुगतान करना होगा।