मानहानि मामले में राहुल गांधी की सजा पर रोक वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले को कांग्रेस ने सच्चाई की मजबूत पुष्टि बताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से निचले सदन में उनकी सदस्यता बहाल करने का आग्रह किया। विपक्षी दल ने कहा, संविधान को बरकरार रखा गया है और भाजपा की गांधी के खिलाफ साजिशपूर्ण उत्पीड़न पूरी तरह से उजागर हो गया है।
विपक्ष के गठबंधन को मिली मजबूती : ममता
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, मैं सुप्रीम कोर्ट के फैसले और उनकी संसद सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ होने से खुश हूं। यह विपक्षी गठबंधन के मातृभूमि के लिए एकजुट होकर लड़ने और जीतने के संकल्पों को मजबूती देगा।
जम्म-कश्मीर के नेताओं ने भी किया स्वागत
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, लोकसभा में अपना प्रतिनिधित्व बहाल होने पर वायनाड के लोगों को बधाई। पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष, महबूबा मुफ्ती ने कहा, खुशी है कि राहुल ‘इंडिया के विचार’ के लिए लड़ते हुए संसद में वापस आएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरनेम मामले में ट्रायल कोर्ट के आदेश पर की ये टिप्पणी
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट के आदेश के प्रभाव व्यापक हैं। इससे न केवल राहुल गांधी का सार्वजनिक जीवन में बने रहने का अधिकार प्रभावित हुआ, बल्कि उन्हें चुनने वाले मतदाताओं का अधिकार भी प्रभावित हुआ। मोदी' उपनाम टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि निचली अदालत के न्यायाधीश द्वारा अधिकतम सजा देने का कोई कारण नहीं बताया गया है, अंतिम फैसला आने तक दोषसिद्धि के आदेश पर रोक लगाने की जरूरत है।
मोदी समुदाय के 13 करोड़ सदस्यों में मुट्ठी भर ने लगाया मानहानि का आरोप
राहुल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, शिकायतकर्ता भाजपा के विधायक पूर्णेश मोदी मोध वनिका समाज से हैं, जिसमें अन्य समुदाय भी शामिल हैं। मोदी उपनाम कई अन्य जातियों में भी आता है। मोदी समुदाय के 13 करोड़ सदस्यों में से सिर्फ मुट्ठी भर भाजपा सदस्यों ने आपराधिक मानहानि का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। सिंघवी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि अदालत की ओर से आपराधिक मानहानि के लिए अधिकतम दो साल की सजा देना अत्यंत दुर्लभ है। राहुल के बयान का वीडियो उपलब्ध, कोर्ट में वे बोले उन्हें याद नहीं...शिकायतकर्ता के वकील महेश जेठमलानी ने कहा, राहुल गांधी के बयान का वीडियो उपलब्ध है।