प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज की शैली व अनथक परिश्रम के सभी लोग कायल हैं। उनके बारे में ताजा जानकारी यह मिली है कि उन्होंने बीते 21 सालों में कोई छुट्टी नहीं ली। मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में उन्होंने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी ने बैठक में बताया कि इन 21 सालों में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के नाते और प्रधानमंत्री के तौर पर कभी कोई छुट्टी नहीं ली।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में पीएम मोदी ने पार्टी सांसदों से देश और लोगों की भलाई के लिए सतत काम करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए काम को मैं श्रेष्ठ मानता हूं, क्योंकि यह बहुत बड़ी चुनौती थी। महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए काम की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अनुसार प्रधानमंत्री ने बैठक में कहा कि 110 देशों के नेताओं ने वर्तमान में जारी कोविड-19 महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की है।