अब यात्रियों को दिल्ली में कहीं भी आने-जाने के लिए बसों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। किसी रूट पर कहां स्टॉप है और अगली बस कितनी देर में किसी स्टॉप पर पहुंचेगी, इन सभी बातों की जानकारी सरकार द्वारा शुरू की गई वेबसाइट पर मिल सकती है।
दिल्ली आइआइटी के सहयोग से तैयार की गई ओपेन ट्रांजिट डाटा नाम से इस वेबसाइट (www.otd.delhi.gov.in) पर जाकर दिल्ली की डीटीसी-क्लस्टर बसों के चलने के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जीपीएस प्रणाली से लैस बसों के हर दस सेकेंड बाद की स्थिति अपलोड होती रहेगी जिसे यात्री वेबसाइट पर देख सकेंगे। अभी इस वेबसाइट पर 1700 क्लस्टर बसों के संचालन की स्थिति की जानकारी ही मिल सकेगी, लेकिन शीघ्र ही इसके साथ डीटीसी-मेट्रो फीडर बस सेवाओं की जानकारी भी यात्रियों को मिलेगी।