एयर इंडिया के कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले शिवसेना के सांसद रविंद्र गायकवाड़ पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। गायकवाड़ पर कर्मचारी को चप्पल से मारने का आरोप लगा है।
जिसके बाद गायकवाड़ ने कहा कि हां मैंने स्टाफ को पीटा, क्या आप मुझसे उम्मीद करते हैं कि चुपचाप उनकी गालियां सुनता? इसके साथ ही शेखी बघेरते हुए कहा कि मैने एक बार नहीं 25 बार चप्पल से एयर इंडिया के स्टाफ की पिटाई की थी।
अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले समाजवादी पार्टी(एसपी) नेता अबू आजमी ने कहा कि 'शिवसेना के नेता कभी नहीं सुधरने वाले।'
वहीं शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने कहा कि 'गायकवाड़ ने स्वीकार कर लिया है कि उन्होंने कर्मचारी को पीटा, लेकिन पार्टी इस तरह का बर्ताव स्वीकार नहीं करेगी।' उन्होंने आगे कहा कि वह एक पॉपुलर नेता हैं हम वजह का पता लगाएंगे आखिर उन्होंने अपना आपा क्यों खोया और वह क्यों इतने उत्तेजित हुए।'
मामले में नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कहा कि 'ऐसा कभी नहीं होना चाहिए किसी भी राजनीतिक दल को इस तरह का बर्ताव और मारपीट नहीं करनी चाहिए।' बता दें कि पीडि़त कर्मचारी की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है। उड्डयन मंत्रालय को इस मामले की पूरी जानकारी भी दे दी गई है।