नवंबर की सैलरी कई लोगों के बैंक खातों में बुधवार को आ गई, लेकिन हाथ में नहीं आ सकी। लोगों को लंबी कतारों में जूझना पड़ रहा है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी आ रही है 500 रुपए के नोटों की कमी को लेकर। 2000 रुपए के नए नोट तो बैंकों और एटीएम में धड़ल्ले से मिल रहे हैं। लेकिन बैंकों और ATM में 500 रुपए वाले नए नोट की कमी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, आरबीआई नोटों की सप्लाई कुछ दिनों में चार गुना तक बढ़ा सकती है । जिससे बैंकों को निश्चित रूप से आपूर्ति में सुधार होगा। वहीं एक अन्य बैंक अधिकारी ने बताया कि वेतन निकासी को देखते हुए जितने एटीएम चालू हैं, उनमें 2000 रुपये के नोट भर दिए गए हैं। ताकि लोगों को नकदी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
बाजार में 500 रुपये के नये नोटों को बढ़ी मांग को देखते हुए 500 रुपये के नोटों की छपाई भी तेज कर दी गयी है। आरबीआई से सभी बैंकों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया है। इसके मुताबिक 7 दिसंबर तक कैश फ्लो को बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही खुल्ले की समस्या को कम करने के लिए आरबीआई का फोकस 500 के नये नोटों की सप्लाई पर भी है। पिछले दो दिनों से आरबीआई इसके लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
सरकार के दो प्रेसों में केवल 500 रुपये के नोट छापे जा रहे हैं। सरकार को उम्मीद है कि इससे 30 फीसदी नोट ज्यादा छपेंगे। बाजार में अब 500 के नोट की मांग ज्यादा है। 2000 रुपये के नोटों का खुल्ला मिलने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आरबीआई की आधुनिक मैसूर और सलबोनी प्रेस में 500 के नोट छापे जा रहे हैं। इन दोनो ही प्रिंटिग प्रेस में हर महीने 100 करोड़ नोट छापने की क्षमता है।