केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर मुद्दे से निपटने के मामले में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू गलत थे जबकि देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल सही थे। राज्य को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म किए जाने का जिक्र करते हुए प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ऐतिहासिक गलती' को सुधारकर अदम्य साहस का परिचय दिया है।
प्रसाद ने कहा, ‘मैं कहना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर को लेकर सरदार पटेल सही थे लेकिन जवाहर लाल नेहरू गलत थे। यह (अनुच्छेद 370) एक ऐतिहासिक गलती थी जो (उस समय) की गई और (विशेष दर्जे को समाप्त कर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एतिहासिक गलती को सुधारकर अदम्य साहस का परिचय दिया है।’ भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आज यहां मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रसाद ने कहा कि पिछले महीने, जब से संविधान का वह विवादित प्रावधान खत्म किया गया है तब से जम्मू-कश्मीर में एक गोली भी नहीं चलाई गई है। उन्होंने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर के 14 पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों को छोड़कर बाकी सभी इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया है।’