फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रीय अफसरशाही में बड़ा फेरबदल, रवि मित्तल बने सूचना प्रसारण सचिव

Sat, 14 Dec 2019 06:07 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी, अमित शाह (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को अफसरशाही में शीर्ष स्तर पर बड़ा फेरबदल किया। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को व्यय सचिव नियुक्त किया गया है। यह पद अक्तूबर से खाली था। वहीं, रवि मित्तल सूचना-प्रसारण सचिव बनाए गए हैं। कार्मिक मंत्रालय ने बताया कि 1978 बैच के आईएएस सोमनाथन अभी तमिलनाडु में कार्यरत थे। पूर्व व्यय सचिव गिरीश चंद्र मुर्मू को जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल नियुक्त करने के बाद से यह पद खाली था।

विज्ञापन


बिहार कैडर के 1986 बैच के आईएएस और फिलहाल वित्तीय सेवा विभाग में तैनात मित्तल अमित खरे की जगह लेंगे। खरे उच्च शिक्षा विभाग में सचिव बनाए गए हैं। वह आर सुब्रह्मण्यम की जगह लेंगे जिन्हें सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। वरिष्ठ आईएएस सुशील कुमार खनन विभाग में सचिव बनाए गए हैं। वह कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में सचिव हैं। 

संस्कृति सचिव अरुण गोयल अब भारी उद्योग विभाग में सचिव होंगे। वह आशाराम सिहाग का स्थान लेंगे, जो 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक 1984 बैच के आईआरएस संजय कुमार मिश्रा को सचिव पद और वेतनमान की मंजूरी दी है। एशियाई विकास बैंक में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर छत्रपति शिवाजी अब प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग में सचिव होंगे। उनके पास पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। शिवाजी 1986 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।
विज्ञापन


कैबिनेट सचिवालय (समन्वय) में सचिव राजेश भूषण ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव होंगे। वह अमरजीत सिन्हा की जगह लेंगे जो इस महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में हाइड्रोकार्बन के डीजी वीपी जॉय को भूषण की जगह कैबिनेट सचिवालय (समन्वय) सचिव बनाया गया है। सुनील कुमार पंचायती राज मंत्रालय में सचिव होंगे। वह अभी वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव हैं। 

बरुण मित्रा न्याय विभाग में ओएसडी यानी ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी होंगे। 1987 बैच के मणिपुर कैडर के मित्रा रक्षा उत्पादन विभाग में विशेष सचिव हैं। प्रवीण कुमार को केपी कृष्णन की जगह कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। कृष्णन 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे। प्रवीण अभी नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में विशेष सचिव हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें