देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बाद अब दिग्गज कारोबारी रतन टाटा भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम में शिरकत कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रतन टाटा अगले महीने मुंबई में होने वाले आरएसएस के कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ मंच साझा कर सकते हैं।
नाना पालकर स्मृति समिति (एनपीएसएस) नाम की एक संस्था मरीजों के कल्याण के काम करती है। इस संस्था का नाम संघ प्रचारक नाना पालकर के नाम पर रखा गया है। ये संस्था मरीजों की सेवा करती है। बताया जा रहा है कि संस्था ने अपने सालाना समारोह में मोहन भागवत के साथ रतन टाटा को भी आमंत्रित किया है। हालांकि कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, जबकि आगामी 24 अगस्त को संस्था की ओर से कार्यक्रम होने की संभावना जताई जा रही है।
मुंबई के टाटा कैंसर अस्पताल के पास एनपीएसएस का 10 मंजिला एक परिसर है। यह संस्थान इस अस्पताल के मरीजों की सेवा करने का काम करता है। टाटा ट्रस्ट भी नागपुर में तमाम चैरिटी प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है और दिसंबर 2016 में रतन टाटा ने भागवत से तब मुलाकात की थी जब उन्होंने आरएसएस मुख्यालय का दौरा किया था। एनपीएसएस के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने बताया है कि चूंकि हम टाटा अस्पताल से जुड़े हुए हैं और आरएसएस से प्रेरणा प्राप्त करते हैं, ऐसे में हमारा मानना है कि इस कार्यक्रम के लिए रतन टाटा और मोहन भागवत को आमंत्रित करना उचित होगा।