कोलकाता की टीपू सुल्तान मस्जिद के शाही इमाम नूरूल रहमान बरकती के आरएसएस के लोगों को किन्नर बताए जाने को लेकर राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने शुक्रवार को इमाम का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने इमाम की दाढ़ी नोंचकर लाने वाले को 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
राष्ट्रीय स्वाभिमान दल हाल ही में मिश्रित आबादी वाले इलाके में एक प्राचीन देवी मंदिर पर पुलिस के विरोध के बावजूद जबरन लाउडस्पीकर लगाए जाने को लेकर चर्चा में आया था। शुक्रवार को जब दल के कार्यकर्ताओं ने मुरसान गेट पर ईदगाह के सामने इमाम का पुतला दहन करने का एलान किया तो पुलिस और
प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। कार्यकर्ताओं को शाम साढ़े पांच बजे पुतला दहन करना था, इससे आधा घंटे पहले ही सदर कोतवाली और हाथरस गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ में वज्र वाहन, कोबरा पुलिस के अलावा सीओ सिटी आरके गौतम व एएसपी संसार सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली निरीक्षक सूर्यकांत द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को ईदगाह के सामने पुतला दहन न करने की बात कही और कहा कि इससे शहर का माहौल खराब हो सकता है। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बीच ही कुछ कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की वीडियोग्राफी शुरू कर दी। हालांकि अधिकारियों की कोशिश बिना बल प्रयोग के कार्यकर्ताओं को मनाने की रही।