उन्होंने सवाल किया कि शाह जिस पीडीपी की आलोचना कर रहे हैं, उसके साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने सरकार का गठन क्यों किया था? भाजपा सरकार जम्मू-कश्मीर की जेल से कुख्यात आतंकवादी, मौलाना मसूद अजहर, मुश्ताक अहमद ज़रगर व अहमद उमर सईद शेख को रिहा करके क्यों आई थी?
सुरजेवाला ने सरकार पर आरोप लगाते हुए यह भी पूछा कि केंद्र की मौजूदा सरकार ने आतंकवादियों की पोषक आईएसआई को पठानकोट एयरबेस हमले की जांच के लिए न्यौता देकर भारत क्यों बुलाया था और अमित शाह ने आईएसआई में विश्वास क्यों जताया था? उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में प्रजातांत्रिक चुनाव की पक्षधर है तथा इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी जिला विकास परिषद का चुनाव लड़ रही है ताकि भाजपा का जनविरोधी चेहरा प्रजातांत्रिक तरीके से बेनकाब हो सके।’’
गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पीएजीडी को 'गुपकर गैंग' करार दिया और आरोप लगाया कि वह जम्मू एवं कश्मीर में विदेशी ताकतों का हस्तक्षेप चाहता है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘‘गुपकर गैंग’’ जम्मू एवं कश्मीर को आतंक और उत्पात के युग में वापस ले जाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पीएजीडी के कदमों पर पार्टी का रुख साफ करने को कहा।
बता दें कि पीएजीडी में नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) समेत जम्मू-कश्मीर के विभिन्न दल शामिल हैं। इस गठबंधन ने संविधान के अनुच्छेद 370 को बहाल करने की मांग की है, जो पूर्ववर्ती राज्य को विशेष दर्जा देता था।