केंद्रीय मंत्री ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मिस्टर स्टालिन, आपके शासन में तमिलनाडु का क्या हाल हो गया है। आपकी तुष्टिकरण की राजनीति कट्टरपंथी तत्वों को हिंदुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करने के लिए प्रोत्साहित करती है।
बंगलूरू के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। दरअसल, उन्होंने दावा किया था कि ब्लास्ट में शामिल संदिग्ध तमिलनाडु का रहने वाला है। भाजपा नेता ने दावा किया था कि बम बलास्ट के आरोपी तमिलनाडु के कृष्णागिरी जंगलों में प्रशिक्षित किए गए थे। केंद्रीय मंत्री की इस टिप्पणी की काफी आलोचना हो रही थी।
विज्ञापन
इन सबके बीच भाजपा नेता ने अपने बयान को वापस लेते हुए एक्स पर कहा, ‘मैं अपने तमिल भाइयों और बहनों को यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरे शब्द किसी को आहत करने के लिए नहीं थे। बावजूद इसके मेरी टिप्पणियों से कुछ लोग आहत हुए हैं। मैं इसके लिए माफी मांगती हूं। मेरी टिप्पणियां सिर्फ ब्लास्ट से जुड़ा हुआ था। मैं अपने दिल की गहराइयों से माफी मांगती हूं और अपने पिछले बयान को वापस लेती हूं।’
सीएम स्टालिन पर भी केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना
इस दौरान, केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर हिंदुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मिस्टर स्टालिन, आपके शासन में तमिलनाडु का क्या हाल हो गया है। आपकी तुष्टिकरण की राजनीति कट्टरपंथी तत्वों को हिंदुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करने के लिए प्रोत्साहित करती है। आपके कारण ही आईएस जैसे आंतकी संगठन की पहचान वाले लोग लगातार बम विस्फोट करते हैं।
स्टालिन ने की उचित कानूनी कार्रवाई की मांग
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री के आरोपों पर स्टालिन ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के पास ऐसे दावे करने का अधिकार नहीं है। स्टालिन ने भी एक्स पर कहा कि मैं केंद्रीय मंत्री के लापरवाह बयान की कड़ी निंदा करता हूं। ऐसे दावे सिर्फ एनआईए के अधिकारी या रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट से जुड़े करीबी ही कर सकते हैं। इसी वजह से आप ऐसे कोई भी दावे करने की अधिकारी नहीं हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से आह्वान किया है कि वे केंद्रीय मंत्री के इन बयानों पर ध्यान दें और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। स्टालिन का कहना है कि तमिलियन और कन्नडिगा भाजपा की इस विभाजनकारी बयानबाजी को खारिज कर देंगे। मैं शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा पैदा कर रहीं शोभा के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई का आग्रह करता हूं।
ब्लास्ट का कथित आरोपी है शब्बीर
मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 13 मार्च को मुख्य संदिग्ध से मिलने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया। एनआईए के मुताबिक, धमाके के अलग-अलग पहलुओं पर हो रही जांच के दौरान मुख्य संदिग्ध से जुड़े व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। एनआईए ने बताया कि सैयद शब्बीर नाम के संदिग्ध को कर्नाटक के बेल्लारी जिले से हिरासत में लिया गया था।