केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को कहा कि हमें ड्रग्स के खतरे को खत्म करने और इसकी तस्करी पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले की जांच सीबीआई द्वारा किए जाने की मांग की। वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर सुशांत के मामले पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के वकील द्वारा सीबीआई जांच की आलोचना करने पर रामदास अठावले ने कहा, 'हमें ड्रग्स के खतरे को खत्म करने और इसकी तस्करी पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। एनसीबी को इसकी जांच करनी चाहिए। लेकिन सीबीआई को भी जल्द ही निष्कर्ष निकालना चाहिए और सुशांत की मौत से संबंधित इस नए ड्रग एंगल की भी जांच करनी चाहिए।'
केंद्रीय मंत्री ने दिशा सालियान की मौत पर कहा, 'हमने सुना है कि सुशांत सिंह की मैनेजर दिशा सालियन को आठ जून को अपने घर में एक पार्टी के दौरान अपने मास्टर बेडरूम में कुछ यातनाओं से गुजरना पड़ा था। इसलिए सीबीआई को उसकी मौत की जांच करनी चाहिए और जल्द ही निष्कर्ष निकालना चाहिए।'
वहीं इस मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'शुरुआत से ही भाजपा सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर राजनीति कर रही है। ईडी और सीबीआई ने अब तक क्या पाया है, यह कोई नहीं जानता। इस मुद्दे को अब एनसीबी ड्रग जांच में बदल दिया गया है जिसमें सभी अभिनेत्रियां शामिल हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'बिहार के डीजीपी जिन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जांच को आगे बढ़ाया, उन्हें राज्य में सत्ताधारी पार्टी द्वारा आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवार बनाया जा रहा है। हम सुन रहे हैं कि ड्रग्स मामले की जांच कर रहे एनसीबी के अधिकारी भाजपा और पीएम मोदी के बेहद करीबी हैं।