रामानांद सागर के टीवी सीरियल 'रामायण' में विभीषण का किरदार निभाने वाले मुकेश रावल की ट्रेन एक्सीडेंट में मौत हो गई। मुंबई के कांदिवली रेलवे ट्रैक के पास मंगलवार की सुबह 9.30 बजे उनका शव मिला। हालांकि पहले ये खबर आ रही थी कि उन्होंने सुसाइड किया है लेकिन उनके रिश्तेदारों ने इसका खंडन किया।
बताया जा रहा है कि मुकेश एक गुजराती फिल्म की डबिंग के लिए गए हुए थे। उनकी रिश्तेदार तेजल रावल ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, 'मुकेश रावल की लाश रेल की पटरी पर मिली। उनकी ट्रेन एक्सीडेंट में मौत हो गई। हमें अंतिम संस्कार के लिए उनका शव अभी तक नहीं मिला है।'
तेजल ने मुकेश रावल के सुसाइड करने की अटकलों का भी खंडन किया है। मुकेश रावल ने रामायण के अलावा कई फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने जिद, सट्टा, औजार और कसम समेत कई बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय की चमक बिखेरी। 2014 में वो आखिरी बार बड़े पर्दे पर एक गुजराती फिल्म में नजर आए थे।