कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री पद की रेस में शामिल होने से इंकार पर राजग की सहयोगी लोजपा ने चुटकी ली है। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि जब 2019 में पीएम पद की वैकेंसी की नहीं है तो फिर राहुल इस पद की रेस में कैसे हो सकते हैं? पासवान ने राहुल को साल 2024 के चुनाव के लिए अभी से तैयारी करने की सलाह भी दी।
गौरतलब है कि अपने विदेश दौरे के क्रम में लंदन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि फिलहाल उनकी निगाहें पीएम पद पर नहीं देश को बचाने पर है। पीएम पद का फैसला चुनाव के बाद होगा। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पासवान ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में पीएम पद केलिए कोई वैकेंसी नहीं है।
नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनेंगे। उनके सामने किसी प्रकार की कोई चुनौती नहीं है। अगले लोकसभा चुनाव में भी मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी। हां, अगर राहुल गांधी को सोचना है तो वह वर्ष 2024 के चुनाव के बारे में सोचें। मगर इसके लिए भी उन्हें अभी से तैयारी करनी होगी।