रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मोदी सरकार आंदोलनरत किसानों से पूरी संवेदनशीलता से बात कर रही है और उम्मीद है कि किसान विरोध जल्द खत्म कर देंगे। राजनाथ ने बुधवार को कहा कि किसान दिवस पर मैं अन्नदाताओं का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने देश को खाद्य सुरक्षा कवच प्रदान किया है। कुछ किसान कृषि कानूनों को लेकर विरोध कर रहे हैं। सरकार उनसे बात कर रही और उम्मीद है कि जल्द इसका समाधान निकलेगा।
राजनाथ ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रक्षामंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, पूर्व पीएम चाहते थे कि किसानों की आमदनी बढ़े, उनकी फसलों का उचित दाम मिले और किसानों का मान-सम्मान सुरक्षित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौधरी चरण सिंह की प्रेरणा से किसानों के हित में अनेक कदम उठा रहे हैं।
हमारी सरकार किसानों का अहित नहीं होने देगी। चौधरी साहब आजीवन किसानों की समस्याओं को आवाज देते रहे और उनके कल्याण के लिए काम करते रहे। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।