गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भारत बंद के दौरान भड़की हिंसा पर लोकसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 6 लोगों की मौत हुई, राजस्थान और यूपी में एक-एक मौत हुई है। यह बेहद दुखद है।
राजनाथ ने कहा कि उनकी सरकार
SC/ST कानून को कमजोर नहीं करना चाहती बल्कि हमारी सरकार ने SC/ST कानून को और बेहतर किया है और हम लगातार एससी-एसटी समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि 2015 में हमारी सरकार ने एक्ट में नए प्रावधानों को जोड़ा जिससे इस कानून को और मजबूत किया जा सके।
राजनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने पीड़ितों को दी जाने वाली राशि में भी बढ़ोतरी की है और ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई का प्रावधान किया है जो कानून लागू करने में लापरवाही बरतते हैं। सरकार ने इस मामले में 2 अप्रैल को पुनर्विचार याचिका दायर की थी।
गृहमंत्री ने यह भी कहा कि राज्यों को शांति बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। हम राज्यों की पूरी मदद करेंगे। आरक्षण पर अफवाहें फैलाई जा रही हैं इसलिए इन पर ध्यान न दें। हालांकि बढ़ते हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।