गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें अपनी
सेना पर पूरा भरोसा है कि वह जल्दी ही मारे गए सैनिकों का बदला लेगी। बता दें कि
एलओसी पर दोनों ओर से हुई फायरिंग में कैप्टन सहित तीन जवान शहीद हो गए। इस पर राजनाथ सिंह ने कड़ी निंदा करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सेना की बहादुरी पर पूरा विश्वास रखें हमारे जवान इसका जल्द ही जवाब देंगे। वहीं गृह राज्य गृहमंत्री हंसराज अहीर ने पाकिस्तान द्वारा सीमा पर किये गए संघर्ष विराम उल्लंघन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तान को माफ नहीं करेंगे। पाकिस्तान की इस कार्रवाई से साबित होता हैं कि वह मूर्ख है और इसका भुगतान उसे करना पड़ेगा।
वहीं पाक की ओर से जारी फायरिंग पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि पाकिस्तान हमारे जवानों पर हमला करने के लिए मिसाइल का प्रयोग कर रही है। क्या हमारी मिसाइल केवल राजपथ पर प्रदर्शन के लिए हैं? क्या वो विदेशी प्रतिनिधियों को 26 जनवरी को दिखाने के लिए हैं? राउत ने कहा कि ये युद्ध है और उनके हमले का जवाब हमें उसी तरह देना चाहिए। अगर जवाब नहीं देंगे तो पूरी दुनिया में हमारे देश को नामर्द कहा जाएगा।