केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय जनता युवा मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए तमिल को खूबसूरत भाषा बताया। साथ ही उन्होंने इस बात के लिए माफी मांगी कि वे तमिल में बोलने में सक्षम नहीं हैं। राजनाथ ने कहा, ''मैं तमिल में और बोलना चाहता था, लेकिन तमिल जोकि एक खूबसूरत भाषा है, मैं नहीं बोल सकता इसलिए आप सभी से माफी मांगता हूं।''
अटल बिहारी बाजपेयी के कार्यों को याद किया
रक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाया। राजनाथ ने जनता से पूछा कि क्या वह तमिलनाडु का सम्मान नहीं था? वर्ष 1974 में जब कांग्रेस सरकार ने श्रीलंका कच्छेवु द्वीप छोड़ दिया था, तब वाजपेयी ने इस फैसले की निंदा की थी और इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जाने की बात कही। रक्षा मंत्री ने कहा, भाजपा यह कभी नहीं भूल सकती कि वह तमिलनाडु की बेटी पुरुची थलाइवी जया अम्मा थीं, जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की पहली सरकार का समर्थन किया था।