केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत दिखा चुका है कि वह अपने दुश्मनों को केवल अपनी जमीन पर ही नहीं बल्कि जरूरत पड़ी तो उनके घर में घुसकर मार सकता है। एक बैठक को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि कुछ महीने पहले एक कायराना हरकत करते हुए पाकिस्तान ने सीमा पर हमला किया और हमारे 17 जवानों को शहीद कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस गंभीर मुद्दे पर हम सभी से विमर्श किया और इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी इलाके में घुसकर आतंकियों को मार गिराया। वे ‘भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ’ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। जम्मू-कश्मीर के पूंछ जिले में नियंत्रण सीमा
(एलओसी) पर जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने सात पाकिस्तानी जवानों को मार गिराया था जबकि चार अन्य को घायल कर दिया। इस कार्रवाई के एक हफ्ते बाद राजनाथ सिंह का यह बयान आया है।