मध्यप्रदेश में सियासी उलटफेर के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर निराशा का भाव है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी की तरफ से कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीरों को साझा किया। इस तस्वीर में वह दोनों के साथ खड़े हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला की बात से कांग्रेस में थोड़ा जोश भी आया है। दरअसल, कांग्रेस ने राजीव शुक्ला के लिए राज्यसभा की उम्मीदवारी का प्रस्ताव पेश किया था लेकिन शुक्ला ने संगठन को मजबूत करने का बयान देते हुए उम्मीदवारी को नकार दिया। उनका कहना था कि वह वर्तमान में संगठन में मजबूती लाना चाहते हैं, इसलिए वह राज्यसभा नहीं जाना चाहते हैं।
राजीव शुक्ला ने कहा कि उन्हें राज्यसभा उम्मीदवारी की पेशकश की गई थी, लेकिन संगठन को मजबूत करने की व्यस्तता के कारण वह इसे स्वीकार नहीं कर सके। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे गुजरात से राज्यसभा उम्मीदवारी का प्रस्ताव दिया, लेकिन मैं संगठन में काम में व्यस्त हूं इसलिए किसी दूसरे को नामांकित करने का आग्रह किया। कांग्रेस ने गुजरात से शक्ति सिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस की तरफ से भी इस ट्वीट का जवाब देते हुए कहा गया कि आप जैसे नेताओं से कार्यकर्ताओं को भी प्रेरणा मिलती है। एक ट्वीट में कहा गया कि आप जैसे नेताओं से कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध और विचारधारा के प्रति ईमानदार रहने की प्रेरणा मिलती है। आपका काम हमारे संगठन को हर स्तर पर मजबूत करता रहेगा।