चेन्नई में रजनीकांत को साक्षी मानकर सिनेमाघर के बाहर शादी रचाता जोड़ा
- फोटो : Social Media
फिल्म स्टार रजनीकांत के नाम पर सोशल मीडिया पर कई जोक्स और कहानियां चलती हैं जिसमें रजनीकांत को महिमामंडित किया जाता है और इंसान से कुछ ज्यादा पेश करता है। ये जोक्स भले ही मनोरंजन के लिए कहे जाते हों, लेकिन इस बार एक फिर ऐसा वाकया पेश आया है जो रजनीकांत के साथ जुड़ गया है। रजनीकांत की फिल्म 'पेट्टा' गुरुवार को रिलीज हुई। इस मौके पर चेन्नई के वुडलैंड्स थियेटर में फिल्म देखने पहुंचे एक जोड़े ने फिल्म देखने के पहले सिनेमाहॉल के बाहर अपने रीति-रिवाज से शादी की।
'रजनीकांत हमारे भगवान हैं'
35 साल के अनबरसु और 28 वर्षीय काम्याची ने एक दूसरे को जीवनसाथी बनाया। उन्होंने कहा कि शादी के दौरान भगवान का आह्वान किया जाता है। इसलिए शादी धार्मिक स्थल या घर पर होती है। अनबरसु और काम्याची ने कहा कि रजनीकांत हमारे भगवान हैं। हमने अपने भगवान का आह्वान करने के लिए सिनेमाहॉल को चुना और यहीं शादी करने का फैसला किया। अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए नवविवाहित जोड़े ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को दावत भी दी।
पेट्टा को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज
पेट्टा को तीन भाषाओं (तमिल, तेलुगू और हिंदी) में रिलीज किया गया है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, तृषा, बॉबी सिम्हा, विजय सेतुपथी, सिमरन बग्गा लीड रोल में हैं। पेट्टा एक गैंगस्टर ड्रामा मूवी है। फिल्म को कार्तिक सुब्बाराज ने डायरेक्ट किया है। फिल्म समीक्षकों का कहना है कि रजनी की फिल्म पेट्टा एडवांस बुकिंग से ही करीब 32.85 करोड़ की कमाई कर चुकी है।