'सरकार नौकरी नहीं दे रही है, इसलिए चोरियां कर रहे हैं। हम झोपड़िया गांव के हैं।' राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के एक स्कूल में बोर्ड पर कुछ इस तरह लिखा देख स्थानीय लोग देख कर हैरान रह गए। बीते बुधवार की रात चोर गांव के एक स्कूल में घुस गए। जहां चोरों को कोई कीमती सामान नहीं मिला तो चोरों ने स्कूल का रिकॉर्ड और प्रिंसिपल की कुर्सी ही जला दी। भागने से पहले चोरों ने बोर्ड पर लिखा, 'सरकार नौकरी नहीं दे रही है, इसलिए चोरियां कर रहे हैं। हम झोपड़िया गांव के हैं।' चोरों ने बोर्ड पर चोरी की तारीख भी लिखी। लेकिन वारदात 18 जुलाई की रात हुई और चोरों ने हड़बड़ाहट में 17 जुलाई लिख दी। यह स्कूल आसींद थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने गोद ले रखा है।