राजस्थान के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया चुरु में आयोजित बीजेपी की सभा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को गाली दे बैठे, जिस पर खूब बवाल हो रहा है, और सियासी पारा चढ़ रहा है। कटारिया का गाली वाला वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। इस खबर में नीचे लगाए वीडियों में आप कटारिया की अभद्र टिप्पणी को सुन सकते हैं।
कटारिया बीजेपी कार्यकर्ताओं के सामने पीएम मोदी की शान में कसीदे पढ़ रहे थे। लेकिन वो अपनी जबान को मर्यादा के घेरे में नहीं रख सके, और जब पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का जिक्र किया तो मर्यादा की सारी हदें लांघ गए। कटारिया बोले ''देश का प्रधानमंत्री पहले मनमोहन सिंह जब अमेरिका उतरता था, तो सा** को रिसीव करने के लिए ऐरा-गैरा नत्थु खैरा मंत्री जा करके एयरपोर्ट से लेकर आता था। लेकिन अब हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री जब जाता है, तो ओबामा स्वयं उठ करके जाता है उसकी आगवानी करने के लिए।
कटारिया के इस भाषण को लेकर उनकी चारों ओर आलोचना हो रही हैं। हालांकि बाद में कटारिया ने कबूल किया कि उनका कथन उचित नहीं था। कटारिया ने पछतावा करते हुए सार्वजनिक तौर पूर्व पीएम के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग करने के लिए खेद जताया, माफी मांगी, साथ ही ये बताना भी नहीं भूले कि विधान सभा में भी उनसे अक्सर ऐसी हरकतें हो जाती हैं।