राजस्थान की गहलोत सरकार की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। मंगलवार को भी सचिन पायलट कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं हुए। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार उन्हें मनाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसी बीच भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रहे टकराव के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि हीं हीं करने वाले लोग ही सरकार में रहें।
उमा भारती ने कहा, 'राजस्थान संकट केवल राहुल गांधी और उनके खानदान की वजह से है क्योंकि वो इतना अपमान करते हैं लोगों का, उन्हें नीचा दिखाते है। खुद काम करना नहीं चाहते, खुद मेहनत करना नहीं चाहते हैं और उनके साथ हीं हीं करने वाले लोग ही सरकार में रहे ये चाहते हैं। तेजस्वी, युवा, बुद्धिमान को वो बर्दाश्त ही नहीं करते। आपने उनकी इतनी बेइज्जती की उनके सामने कोई रास्ता ही नहीं बचा ये टकराव करने का।'
यह भी पढ़ें- आखिर राहुल के करीबियों को ही क्यों छोड़नी पड़ी कांग्रेस, करीब आधा दर्जन चेहरों ने पार्टी को कहा अलविदा
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सचिन पायलट एक स्वाभिमानी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कहा, 'वो राजेश पायलट के बेटे हैं। राजेश मेरे भाई जैसे थे। हमारे उनके साथ बड़े आत्मीय संबंध थे। इसलिए मुझे पता है कि वो कितने स्वाभिमानी परिवार से हैं। कैसे वो जी पाया होगा इतने सालों से, मैं जानती हूं कितना अपमान होता है कांग्रेस में। ये राहुल गांधी जब तक कांग्रेस खानदान में रहेंगे ये पार्टी पाताल में चली जाएगी।'
हम बहुमत परीक्षण की मांग नहीं कर रहे हैं: सतीश पूनिया
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा, 'कांग्रेस दावा करती रही है कि उनके नेता एकजुट हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि आंतरिक विवाद हैं, जिसके कारण, सचिन पायलट को अपमान का सामना करने के बाद पार्टी छोड़नी पड़ी। वर्तमान में हम बहुमत परीक्षण की मांग नहीं कर रहे हैं।'